अघोषित ट्रेंचिंग ग्राउंड में बनेगा गार्डन, समतलीकरण शुरू

भिलाई-3 निगम अंतर्गत वार्ड 22 के भाठापारा के अघोषित ट्रेंचिंग ग्राउंड की दशा बदलने जा रही है। निगम प्रशासन अब उस जगह पर गार्डन तैयार करने जा रहा है। इसके लिए बुधवार से जमीन समतलीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। इसे लेकर भास्कर के 4 मार्च के अंक में विस्तृत खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया। बुधवार को आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाया कि भाठापारा मैदान में कचरा फैला हुआ और उसमें से धुआं निकल रहा है। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ अधिकारी बीनू वर्मा को तत्काल जगह की सफाई करने के साथ ही समतलीकरण करने का निर्देश दिया। मौके पर गार्डन तैयार करने कहा। इसके बाद जेसीबी लगाकर मैदान में समतलीकरण का काम शुरू किया गया। जमा कचरे को पास के ही गड्ढे में दबा दिया गया। बता दें कि अघोषित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरा जमा करने के बाद आग के हवाले किए जाने के बाद उसमें से उठने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा था। वहीं लोगों के स्वास्थ पर भी खतरा मंडराने लगा था। इसे लेकर लोगों ने पार्षद का घेराव तक किया था। आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने बताया कि भाठा पारा ग्राउंड में स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। जिसकी स्वीकृति का इंतजार है। दोबारा ग्राउंड में कचरा न फेंका जाए इसके लिए फिलहाल जमीन समतलीकरण कर गार्डन तैयार किया जाएगा। जहां आसपास के बड़ों के वाक करने के अलावा बच्चों के खेलने सुविधा रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *