भास्कर न्यूज | बालोद भारतीय जनता पार्टी ने छग के विधान सभा में पेश बजट का स्वागत किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने प्रदेश सरकार के बजट प्रस्तावों का स्वागत करते कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता के लिए एक श्रेष्ठ बजट प्रस्तुत किया गया है। इस बजट में विशेषकर बस्तर, सरगुजा, वनवासी क्षेत्र, आदिवासी अंचल, जहां पर विकास की अनेक संभावनाएं हैं, उसे उचित स्थान दिया गया है। पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने कहा कि छत्तीसगढ़ बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिस कल्पना और विचार को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था उस उद्देश्य की पूर्ति करते हुए साय सरकार विकास के पथ पर अब दौड़ने लगी है। वरिष्ठ नेता यशवंत जैन ने कहा कि राज्य के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत खेल सुविधाओं के विस्तार की घोषणा से राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अपने हुनर को निखारने का बेहतर मंच उपलब्ध होगा। निवर्तमान जिला अध्यक्ष पवन साहू ने प्रदेश सरकार को बजट प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों के हित को ध्यान में रखकर 46 करोड़ रुपए का बजटीय प्रावधान किया गया है। प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, पूर्व विधायक प्रीतम साहू,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव पूर्व विधायक विरेन्द्र साहू, महामंत्री राकेश छोटू यादव नपा अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बजट का स्वागत किया है।


