मोगा जिले के गांव कोकरी कलां में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 6-7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। कुछ दिन पहले आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया था। जिसके बाद युवल की मौत हो गई थी थाना अजीतवाल के प्रभारी एसआई राज सिंह ने बताया कि कुलविंदर कौर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। कुलविंदर कौर बठिंडा के गांव मेहमा सिरजा की निवासी हैं और फिलहाल कोकरी कलां में रहती हैं। उन्होंने बताया कि उनके मौसी के बेटे मिंटू सिंह और वीरपाल सिंह उनके घर आए हुए थे। इसी दौरान, गांव कोकरी कलां निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ काका और गुरदीप सिंह उर्फ भुट्टो अपने 4-5 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने घर के दरवाजे की तोड़फोड़ शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने दरवाजा खोला तो आरोपियों ने मिंटू सिंह के सिर पर हमला कर दिया और उसकी बुरी तरह पिटाई की। इस दौरान गुरदीप सिंह उर्फ भुट्टो ने कुलविंदर कौर के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल मिंटू सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे रेफर कर दिया। परिजन उसे पीजीआई ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एसआई राज सिंह ने बताया कि पुलिस ने कुलविंदर कौर की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में बलजिंदर सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


