पंजाब के अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस और नगर निगम का जॉइंट एक्शन हुआ है। पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम के तहत अमृतसर के भराड़ीवाल इलाके में नशा तस्कर संदीप उर्फ सोनू के घर पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं, एक्शन के बाद तस्कर का परिवार भी सामने आया, जिसने इस घटना को धक्केशाही करार दिया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि संदीप उर्फ सोनू पर पहले से चार केस दर्ज थे। वह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन मंगवाने के आरोप में भी शामिल था। पुलिस ने इस कार्रवाई को सख्त संदेश बताते हुए कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। खुद नशे का आदी, बेचता नहीं था मीडिया से बातचीत में संदीप की भाभी ने कहा कि संदीप खुद नशे का आदी था और उसने पांच साल जेल की सजा काटी थी। वह अभी जमानत पर बाहर था। हालांकि, उसने यह भी दावा किया कि संदीप नशा बेचने का धंधा नहीं करता था। तस्करों को सुधरने की चेतावनी पुलिस कमिश्नर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग नशे के कारोबार में लिप्त हैं, वे सुधर जाएं, नहीं तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अमृतसर में लगातार नशा तस्करों के घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी कई नशा तस्करों की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। पंजाब सरकार की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।


