पंडो-जनजाति की भूमि पर अवैध कब्जा,जान से मारने की धमकी:सरगुजा में विशेष संरक्षित जनजाति के ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट, एसपी को सौंपा ज्ञापन

सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मांजा, मोहल्ला राजाकटेल के विशेष संरक्षित पंडो जनजाति के ग्रामीण शुक्रवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी करीब 50 एकड़ भूमि पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत पर अब ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। ग्रामीणों ने FIR दर्ज कराने की मांग की है। पण्डो जनजाति के लोगों ने जमील अहमद, शकील अहमद, समीम, गुलबहार अहमद, नसीम, खुर्शीद, कबीर, असलम, मोहम्मद जमील, बाबर, मोहताब सहित अन्य मुस्लिम युवकों पर जमीन पर कब्जा करने एवं उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एसपी को सौंपे गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि वे परिवार सहित कई पीढ़ियों से अपनी राजाकटेल की पैतृक भूमि पर निवास करते आ रहे हैं। उनकी जमीन पर मुस्लिम समाज के लोगों ने छलपूर्वक कब्जा किया और अब राजस्व रिकार्ड में अपना नाम भी दर्ज करा लिया है। जब पण्डो जनजाति के लोग द्वारा अनावेदक गण से भूमि पर किए गए कब्जे को खाली करने की बात की जाती है तो आरोपियों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। गांव की जमीन का बनवाया वन अधिकार पट्टा
ग्रामीणों ने शिकायत की है कि कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गांव की जमीन का वन अधिकार पट्टा भी बनवा लिया है। उन्होंने सरकारी जमीनों पर भी जबरदस्ती कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंप मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने कहा कि मामले में जांच कराई जाएगी एवं आवश्यक कार्रवाई होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान लाल गुलाब, संजय, हीरामती, फुलसुन्दरी, रतियानो, विरोधन पण्डो, सलमान पण्डो, रतन पण्डो, दरोगा, शिवप्रसाद, मुन्ना, शिवचरण सहित पण्डो जनजाति के अन्य लोग उपस्थित थे। कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि मामले की शिकायत पूर्व में आई थी। उदयपुर एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *