बॉलीवुड के दिग्गज दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी के पोते वर्धन पुरी ने शुक्रवार को परिवार के साथ राजसमंद के नाथद्वारा पहुंचकर पुष्टिमार्ग की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन किए। जानकारी के अनुसार वर्धन शाम को नाथद्वारा पहुंचे, जहां से वे मोती महल दरवाजे से होते हुए मंदिर में पहुंचे। उन्होंने संध्या आरती झांकी के दर्शन किए। श्रीनाथजी के दर्शन कर उन्होंने मंदिर की पारंपरिक व्यवस्था का अनुभव लिया। दर्शन के बाद वर्धन पुरी श्री महाप्रभुजी की बैठक में पहुंचे। जहां मंदिर की परंपरा के अनुसार श्रीकृष्ण भंडार के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने वर्धन व उनके परिवार का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया और श्रीजी का प्रसाद भेंट कर समाधान किया। श्रीनाथजी के दर्शनों से अभिभूत अभिनेता वर्धन पूरी ने मंदिर प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए यहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन की व्यवस्था बहुत अच्छी है और यहां सेवा दे रहे सभी सेवक श्रद्धालुओं की बेहतरीन सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनाथजी के दर्शन से मन को शांति और सुकून मिला। साथ ही उन्होंने सभी के सुख, शांति और स्वास्थ्य की कामना करते हुए बार-बार नाथद्वारा आने की इच्छा भी व्यक्त की। इस दौरान मंदिर के मोती महल दरवाजे पर मौजूद कई श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने वर्धन पूरी के साथ सेल्फी ली, जिसका उन्होंने मुस्कुराकर अभिवादन स्वीकार किया।


