पंजाब के बरनाला जिला जेल में तीन लावारिस मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। ये फोन जेल की डॉरमेट्री से मिले, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सिटी वन बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि जिला जेल बरनाला के असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट विकास शर्मा ने पुलिस को इसकी सूचना दी। शर्मा के अनुसार, शाम करीब 06:20 बजे डॉरमेट्री नंबर 04 से दो कीपैड मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिले। उसी दिन शाम लगभग 7:10 बजे डॉरमेट्री नंबर 09 के रोशनदान से एक और कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। जेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस स्टेशन सिटी बरनाला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल इस मामले की गहन जांच कर रही है। उनका मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि ये मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे और इनका उपयोग कौन कर रहा था। एसएचओ लखविंदर सिंह ने कहा कि आरोपियों की जल्द पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


