रानी सती मंदिर रायपुर में फाल्गुन मास के पावन अवसर पर होली मिलन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और पूरा वातावरण “दादी जी की जय” के जयघोष, भजन और कीर्तन से भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत 2 मार्च की रात मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से आयोजित होलिका दहन से हुई। रात्रि 1:33 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ होलिका दहन सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने अग्नि की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
4 मार्च को फाल्गुन उत्सव के अंतर्गत मंदिर में फूलों की होली का आयोजन किया गया। भक्तों ने दादी जी को पुष्प अर्पित कर रंग और गुलाल के साथ भक्ति भाव से होली खेली। भजन-कीर्तन, ढोल-मंजीरों की धुन और दादी जी के गुणगान से पूरा वातावरण आध्यात्मिक आनंद से भर गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशोर डोलिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था से ही आयोजन भव्य बनता है। वहीं प्रचार-प्रसार प्रभारी कैलाश अग्रवाल ने कहा कि यह उत्सव प्रेम, सद्भाव और भक्ति का संदेश देता है। मंदिर समिति ने सभी नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।


