जगराओं के एक युवक की मनाली जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब होला मोहल्ला पर श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद युवक मनाली जा रहा था। मृतक की पहचान गुरप्रताप सिंह उर्फ हैप्पी निवासी आवे, मोहल्ला प्रताप नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जगराओं से कुछ युवक होला मोहल्ला के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब गए थे। वहां से मनाली की ओर जाते समय रास्ते में कोहनी मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बाइक सड़क किनारे पड़े एक पत्थर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहा गुरप्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठा एक अन्य युवक भी घायल हो गया, जिसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मामूली चोटों के कारण उसे छुट्टी दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


