पंजाब के बरनाला जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शेहना पुलिस स्टेशन ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 205 खुली नशीली गोलियां बरामद की हैं। शेहना पुलिस स्टेशन के एसएचओ शरीफ खान ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अर्शदीप सिंह उर्फ तेजिंदर (निवासी तिरवैणी साहिब गुरुद्वारा शेहना), बलविंदर सिंह (निवासी तुतडा पत्ती शेहना) और परमजीत सिंह उर्फ पम्मा (निवासी शेहना) बाहर से सस्ती नशीली दवाएं लाकर इलाके में महंगे दामों पर बेचते हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शेहना से विधाता की ओर नहर के किनारे एक कच्चे रास्ते पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 205 खुली नशीली गोलियां मिलीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि ये नशीली गोलियां कहां से लाई गई थीं और किन-किन लोगों को इनकी आपूर्ति की जाती थी।


