कोटा में विनोबा भावे नगर में जंगलात विभाग की जमीन पर बने एक आश्रम को लेकर विवाद सामने आया है। कुछ लोगों पर आश्रम की देखभाल करने वाले बाबा मंगल दास पर हमला करने का आरोप है। बाबा मंगलू दास लंबे समय से आश्रम में रहकर सेवा कार्य कर रहे हैं। इससे पहले इस आश्रम की देखरेख नागराज मुनि महाराज करते थे और बाबा मंगलू दास उनके साथ सेवा करते थे। आश्रम में रहने-खाने की व्यवस्था आसपास के मोहल्ले के लोग मिलकर करते थे। सितंबर 2025 में नागराज मुनि महाराज के निधन के बाद से आश्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम को कुछ लोगों ने आश्रम परिसर में आकर बाबा मंगलू दास के साथ मारपीट की। आरोप है कि हंसराज गोस्वामी समेत कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर मारपीट की। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इससे पहले भी हंसराज गोस्वामी पर आश्रम की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से असामाजिक तत्वों को लाने और मारपीट के आरोप लग चुके है। इस संबंध में पहले भी अनंतपुरा थाने में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के बाद बाबा मंगलू दास और मोहल्ले के लोग डरे हुए हैं। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने एसपी ऑफिस में ज्ञापन देकर पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रह सके।


