उदयपुर में चाकू मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार:होली पर पुरानी रंजिश में वारदात को दिया था अंजाम, पूछताछ में जुटी पुलिस

उदयपुर में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में रंजिश के चलते हत्या करना सामने आया है। झाड़ोल थाना क्षेत्र के माण्डाखेत गांव में होली के दिन वारदात को अंजाम दिया गया था। झाड़ोल थानाधिकारी फैलीराम ने बताया कि माण्डाखेत निवासी लीखा राम कलावा ने थाने में रिपोर्ट दी, जिसमें बताया कि 2 मार्च की शाम करीब 6 बजे उसका पुत्र प्रथा लाल पैदल घर से गोपाल लाल खरवड़ की दुकान पर घरेलू सामान लेने गया था। सामान लेकर जैसे ही वह दुकान से बाहर निकला, तभी वहां पहुंचे आरोपी महेंद्र खरवड़ ने प्रथा लाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए सोमराज पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल प्रथा लाल को परिजन इलाज के लिए झाड़ोल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर किया गया। उदयपुर में इलाज के दौरान प्रथा लाल की मौत हो गई। इधर, मुकदमा दर्ज होते ही झाड़ोल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने महेंद्र खरवड़ (23) पुत्र नानजी खरवड़, निवासी माण्डाखेत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जुर्म कबूल करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *