कोंडागांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा दिए गए मोबाइल फोन वापस करने का फैसला किया है। जिले की 1800 कार्यकर्ताएं 8 मार्च को यह मोबाइल सरकार को लौटा देंगी। सरकार ने 2023 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन दिए थे। इनका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों की दैनिक गतिविधियों की फोटो और जानकारी सरकार तक पहुंचाना था। कार्यकर्ताओं को गर्भवती माताओं को रेडी टू ईट देने और बच्चों की गतिविधियों की तस्वीरें अपलोड करनी थी। सस्ती क्वालिटी के कारण अधिकतर मोबाइल खराब महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पुष्पा राय के अनुसार, सस्ती क्वालिटी के कारण अधिकतर मोबाइल खराब हो गए हैं। जो फोन अभी भी काम कर रहे हैं, उनमें भी कोई फंक्शन ठीक से नहीं चलता। सरकार ने मोबाइल के साथ प्रति माह 500 रुपये का रिचार्ज देने का वादा भी किया था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें मिलने वाले मानदेय से घर चलाना मुश्किल है। ऐसे में अपने पैसे से मोबाइल रिचार्ज करना संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं ने इस समस्या से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया है। लेकिन प्रशासन की ओर से सिर्फ दबाव बनाया जा रहा है। खराब मोबाइल और रिचार्ज की समस्या के कारण कार्यकर्ताओं ने अब फोन वापस करने का निर्णय लिया है।


