शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेती खाली करने के दौरान ट्रैक्टर को बैक लेते समय हादसा हुआ। मजदूर ट्रॉली की नीचे दब गया। घायल हालात में उसे इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित किया। मृतक भैरूलाल (52) छत्रपुरा का रहने वाला था। पिछले 10 साल ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। मौसेरे भाई महावीर पांचाल ने बताया कि भैरूलाल दोपहर में विश्वकर्मा नगर से रेती खाली करने सुभाष नगर इलाके में गया था। वहां रेती खाली करते समय ड्राइवर ने ट्रैक्टर को बैक में किया। भैरूलाल ट्रॉली के टकराकर नीचे गिर गया। ट्रॉली का टायर उसपर चढ़ गया। उसके सिर व पसलियों में चोट लगी। घायल हालात में उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लाए। जहां उसने दम तोड़ दिया। भैरूलाल के दो बच्चे है। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से उसकी मौत हुई है।
अनंतपुरा थाना सीआई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की ट्रॉली के नीचे दबने से भैरूलाल की मौत हो गई। भैरूलाल मजूदरी करता था। शव को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है। सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।


