नागौर में हरित संगम मेला 9 मार्च से:3 दिवसीय कार्यक्रम का शिक्षामंत्री करेंगे शुभारंभ, भजन संध्या और कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

नागौर के सेठ किशनलाल कांकरिया सरकारी स्कूल के खेल मैदान में 9 मार्च से अपना संस्थान व नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 3 दिवसीय हरित संगम मेला-2025 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन संयोजक मोहनराम सुथार ने बताया कि 3 दिवसीय मेले का उद्घाटन 9 मार्च को दोपहर सवा 2 बजे शिक्षामंत्री मदन दिलावर करेंगे। पहले दिन निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता व प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिता तथा शाम 7 बजे समवेत कार्यक्रम होगा। समवेत कार्यक्रम में स्थानीय गायक भजन प्रस्तुत करेंगे। आयोजन के दूसरे दिन 10 मार्च को योगासन, हवन, महिला मंडल की प्रतियोगिताएं, भारतीय वेशभूषा प्रतियोगिता, गौ पालन व गौ संवर्धन पर संगोष्ठी के कार्यक्रम होंगे। 10 मार्च को शाम डांडिया व फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मेले के अंतिम दिन 11 मार्च को दुकानों की सजावट प्रतियोगिता, गांवों के उत्थान के लिए संगोष्ठी, प्रतिभा सम्मान व समापन समारोह का कार्यक्रम संपन्न होगा। संयोजक मोहनराम सुथार ने बताया कि 3 दिवसीय आयोजन का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण अंचल से जुड़ी हर चीज को मंच देना, सांस्कृतिक परिचय, प्लास्टिक मुक्त और हरियाली युक्त वातावरण का संदेश देना और लोगों को योग, देशी उत्पाद, गौ पालन से जोड़ना है। आयोजन समिति की सुधा अग्रवाल ने बताया कि मेले के दौरान महिलाओं की मांडना, मेहंदी व राजस्थानी वेशभूषा की प्रतियोगिता व प्रदर्शनी होगी। सभापति मीतू बोथरा ने बताया कि आयोजन को लेकर नगरपरिषद की ओर से कांकरिया स्कूल के मैदान को तैयार किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से महिलाओं व बच्चों को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *