उदयपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का बदला रूट:अब अजमेर तक ही चलेगी इंटरसिटी; 12 मई तक कई ट्रेनें रद्द

उदयपुर से जयपुर और दिल्ली की ओर सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। जयपुर मंडल के कनकपुरा स्टेशन यार्ड में चल रहे तकनीकी सुधार और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण उदयपुर से चलने वाली मुख्य रेल सेवाएं अगले कुछ दिनों तक प्रभावित रहेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस काम के चलते उदयपुर सिटी-जयपुर इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है और कुछ को आंशिक रूप से रद्द कर दिया है। इस तकनीकी कार्य का असर उदयपुर, जयपुर और अजमेर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों पर सबसे ज्यादा पड़ेगा। अन्य शहरों की बात करें तो जोधपुर, भोपाल, आगरा फोर्ट और दिल्ली की ओर जाने वाली करीब 20 से ज्यादा ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं, लेकिन उदयपुर के लिए मुख्य रूप से यही 3 ट्रेनें प्रभावित हैं। उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी अब केवल अजमेर तक
उदयपुर से जयपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होने वाली है। गाड़ी संख्या 12991, उदयपुर सिटी-जयपुर इंटरसिटी रेलसेवा आगामी 9, 10 और 12 मई को उदयपुर से रवाना तो होगी, लेकिन यह केवल अजमेर स्टेशन तक ही जाएगी। यानी अजमेर से जयपुर के बीच यह ट्रेन इन तीन दिनों तक रद्द रहेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 12992, जयपुर-उदयपुर सिटी रेलसेवा भी जयपुर के बजाय अजमेर से ही उदयपुर के लिए रवाना होगी। ऐसे में जयपुर जाने वाले यात्रियों को अजमेर से आगे का सफर दूसरे साधनों से तय करना होगा। न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर ट्रेन का बदला रास्ता
लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी इस ब्लॉक का बड़ा असर पड़ा है। न्यू जलपाईगुड़ी से उदयपुर सिटी आने वाली गाड़ी संख्या 19602, जो 11 मई को वहां से रवाना होगी, वह अपने निर्धारित मार्ग के बजाय अब रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा होकर संचालित की जाएगी। मार्ग परिवर्तन की वजह से यह ट्रेन अब नारनौल, नीमकाथाना और रींगस स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। इसके अलावा जयपुर-उदयपुर सिटी स्पेशल रेल सेवा (09721) भी 12 मई को कनकपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेगी। यात्री सफर से पहले समय और स्थिति जरूर जांचें
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जयपुर के कनकपुरा में होने वाले इस काम से न केवल उदयपुर, बल्कि अजमेर, दिल्ली, आगरा और जोधपुर की ओर जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 1 से 3 घंटे की देरी से संचालित हो सकती हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक पूछताछ प्रणाली या हेल्पलाइन नंबर से अपनी ट्रेन की करंट लोकेशन और स्टेटस जरूर चेक कर लें। जयपुर मंडल के कनकपुरा स्टेशन पर चल रहे तकनीकी कार्य (नॉन-इंटरलोकिंग) के कारण उदयपुर से आने-जाने वाली मुख्य रूप से 3 ट्रेनें सीधे तौर पर प्रभावित हुई हैं। इसमें इंटरसिटी एक्सप्रेस का आंशिक रूप से रद्द होना और कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदलना शामिल है। उदयपुर से जुड़ी प्रभावित ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है।
उदयपुर सिटी-जयपुर इंटरसिटी (12991): यह ट्रेन 9, 10 और 12 मई को उदयपुर से रवाना तो होगी, लेकिन अजमेर तक ही जाएगी। यानी अजमेर से जयपुर के बीच यह आंशिक रूप से रद्द रहेगी। जयपुर-उदयपुर सिटी इंटरसिटी (12992): यह ट्रेन 9, 10 और 12 मई को जयपुर के बजाय अजमेर से ही उदयपुर के लिए रवाना होगी। जयपुर से अजमेर के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी। न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस (19602) : यह ट्रेन 11 मई को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा के रास्ते डाइवर्ट की गई है। इस रूट पर चलने के कारण यह नारनौल, नीमकाथाना और रींगस स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव करेगी। इसके अतिरिक्त, जयपुर-उदयपुर सिटी स्पेशल (09721) रेलसेवा 12 मई को कनकपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *