छत्तीसगढ़ के कांकेर में आइडिया कंपनी के एक मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्कर्ष मिश्रा (25) मांझापार फलेंद्र स्टोर्स का रहने वाला है। वह ग्राहकों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर अतिरिक्त सिम कार्ड जारी करता था। कांकेर साइबर टीम को इस मामले की जानकारी मिली। साइबर प्रभारी ओमप्रकाश अवधिया ने अपनी टीम के साथ जांच की और साक्ष्य जुटाए। जांच में पता चला कि आरोपी मैनेजर ने अब तक 188 अवैध सिम कार्ड जारी किए थे। पुलिस ने अपराध दर्ज कर भेजा जेल पुलिस ने आरोपी उत्कर्ष मिश्रा के खिलाफ थाना कांकेर में मामला दर्ज किया। उस पर धारा 318(2), 338, 336(3), 318(4), 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। सीडीआर और लोकेशन की जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने सेन चौक के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया है।


