लुधियाना| दरेसी स्थित ऐतिहासिक वेद मंदिर में आयोजित होने वाले 68वें विशाल धर्म सम्मेलन की गूंज पूरे शहर में सुनाई दे रही है। भारत धर्म प्रचारक मंडल द्वारा आयोजित इस भव्य समागम का निमंत्रण घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से दूसरी विशाल संध्या फेरी निकाली गई। इस दौरान पूरा इलाका हरि बोल के जयघोष और भक्तिमय भजनों से सराबोर नजर आया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने घरों की छतों और द्वारों से पुष्प वर्षा कर फेरी का भव्य स्वागत किया। संध्या फेरी का शुभारंभ हैबोवाल के शक्ति विहार स्थित शाम सुंदर कपूर के निवास स्थान से हुआ। यहां से ठाकुर जी का गुणगान करते हुए महिला संकीर्तन मंडल की टोलियां भजनों की मधुर धुनों पर झूमती हुई आगे बढ़ीं। यह फेरी न्यू टैगोर नगर स्थित पंडित दीपक वशिष्ठ के निवास स्थान पर संपन्न हुई। आयोजन समिति के सदस्य जगदीश शर्मा और बिट्टू प्रभाकर ने विशेष जानकारी देते हुए बताया कि महासम्मेलन की पूर्व संध्या पर आज एक विशेष संकीर्तन दरबार सजाया जा रहा है। शाम 5:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल अमृतसर के सुप्रसिद्ध भजन गायक जतिन मेहरा, आदित्य भैया और राजन बाली अपनी मधुर वाणी से हरिनाम संकीर्तन की अविरल धारा बहाएंगे। वेदाचार्य स्वामी निगम बोध तीर्थ महाराज की गरिमामयी अध्यक्षता में यह 8 दिवसीय महासम्मेलन 8 मार्च से शुरू होकर 15 मार्च तक चलेगा। सम्मेलन का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है और वेद मंदिर परिसर को भी भव्य तरीके से सजाया गया है।


