भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में कला और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘पंजाब आर्ट इनिशिएटिव’ के छठे संस्करण का आगाज वीरवार को हुआ। एक महीने तक चलने वाला यह सार्वजनिक कला महोत्सव 6 मार्च से 5 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। इस बार महोत्सव की थीम ‘द फ्यूचर इज नाउ’ रखी गई है। युज फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित फेस्टिवल का उद्घाटन मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने दीप प्रज्वलन और ‘कला कार’ के अनावरण के साथ किया। उद्घाटन समारोह में लोक संगीत और नृत्य प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसके बाद कला इंस्टॉलेशन और फाइन आर्ट गैलरियों का विशेष अवलोकन कराया गया। महोत्सव में इस बार 200 से अधिक आर्ट इंस्टॉलेशन, मूर्तियां, पेंटिंग्स और फोटोग्राफ प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वुमन, खालसा कॉलेज ऑफ एजुकेशन रणजीत एवेन्यू, भगत पूरन सिंह स्कूल फॉर डेफ, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और खालसा कॉलेज अमृतसर समेत कई शिक्षण संस्थानों के छात्रों द्वारा तैयार किए गए आर्ट वर्क शामिल हैं। इस मौके पर डॉ. ललित गोपाल पराशर द्वारा तैयार की गई ‘कला कार’ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं बेसमेंट आर्ट प्रोजेक्ट में बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वमेन के छात्रों द्वारा वरिष्ठ कलाकार वीके घरू के मार्गदर्शन में बनाए कला कार्य प्रदर्शित किए गए हैं। महोत्सव के दौरान ‘पंजाब इन फोकस’ शीर्षक से एक विशेष फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी लगाई गई है। पंजाब आर्ट इनिशिएटिव की क्यूरेटर सुमी गुप्ता ने कहा कि अमृतसर की एक समृद्ध कलात्मक विरासत रही है और यह पहल नई दृष्टियों तथा विविध कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से इस सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 5 संस्करणों में इस पहल में भागीदारी लगातार बढ़ी है, जिसमें क्षेत्रीय संस्थान, सामुदायिक कला समूह, स्थानीय कारीगर और दिव्यांग छात्र भी शामिल रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि छठे संस्करण के साथ और अधिक युवा कलाकार सामने आएंगे, जो नई सोच के साथ पारंपरिक कला को भी आगे बढ़ाएंगे। महोत्सव में यूनेस्को के सहयोग से ‘पॉकेट्स ऑफ होप’ नामक फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी लगाई गई है। ट्रीलियम माल में लगी प्रदर्शनी देखते पंजाबी गबरू । प्रदर्शनी देखते मेयर भाटिया और अन्य ।


