जालंधर| ट्रांसपोर्ट नगर में थाना-8 के पास मौजूद पेट्रोल पंप को लूटने आए लुटेरों की पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के साथ हाथापाई हो गई। इस दौरान आसपास के लोग इक्ट्ठा हो गए और दो लुटेरों को मौके पर काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप पर रात 12 बजे के करीब एक ही कर्मचारी मौजूद था। तभी गाड़ी पर 4 युवक आए और तेल डालने के लिए कहा। इसी दौरान दो युवकों ने दफ्तर के अंदर जाकर लूट की कोशिश की। कारिंदे ने शोर मचाया तो लुटेरों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर शराबा मचता देख वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। जिससे दो लुटेरे भाग गए जबकि दो को लोगों ने पकड़ लिया। थाना 8 पुलिस ने लुटेरों को पकड़कर मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि पेट्रोल पंप पुलिस स्टेशन के बिल्कुल पास है। जब ये घटना हुई, उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। लेकिन कुछ ही देर में चहल पहल शुरू हो गई। लोगों ने बताया कि अगर कर्मचारी बहादुरी न दिखाता तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी खंगालने में लगी है और लुटेरों की लोकेशन ट्रेस करने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा और बाकी के लुटेरों को भी काबू कर लिया जाएगा।


