सात साल पहले 10 दोस्तों ने संस्था शुरू की, अब तक 70 लोग जुड़ चुके, लक्ष्य- कोई भूखा न सोए, सब बच्चे साक्षर हों

भास्कर न्यूज | जालंधर जैन सेवा समिति समाज सेवा में लगातार अपना सहयोग दे रही है। संस्था की शुरुआत 27 सितंबर 2019 को 10 दोस्तों ने गुड मंडी में स्थित जैन स्थानक में की थी। खुद अपनी जेब से पैसे एकत्रित किए और 11 जरूरतमंदों को राशन देकर इसकी शुरुआत की गई। तब से अब तक संस्था के साथ 70 सदस्य जुड़ चुके हैं। संस्था के प्रधान मुस्कान जैन ने बताया कि छोटी-सी शुरुआत आज अभियान बन चुकी है। सभी सदस्य निस्वार्थ भाव से समाज सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। अब तक संस्था की तरफ से 1000 से ज्यादा लोगों को राशन और कपड़ों की मदद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हम तो सिर्फ इतना जानते हैं कि कोई भूखा न सोए और सभी बच्चे साक्षर हों। उन्होंने कहा कि जैसे गुलाब को उपदेश की जरूरत नहीं होती, वह केवल खुशबू बिखेरता है और वही उसका संदेश होता है। ठीक वैसे ही, खूबसूरत लोग हमेशा दयावान नहीं होते, लेकिन दयावान लोग हमेशा खूबसूरत होते हैं। समिति केवल भोजन अर्थात राशन वितरित करने तक ही सीमित नहीं है, यह सर्वांगीण विकास पर जोर देती है। हर महीने 41 जरूरतमंद परिवारों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सालाना समारोह में 15 महिलाओं को सिलाई मशीनें भेंट की जाती हैं ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर सकें। जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें पढ़ाई से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी है। वार्षिक समारोह में 111 परिवारों को राशन देने के साथ-साथ 40 बुजुर्गों को सम्मानित भी किया जाता है। गौशालाओं में चारे की सेवा समिति के नियमित कार्यों का हिस्सा है। हर साल 500 से ज्यादा बच्चों को स्टेशनरी दी जाती है। प्रधान मुस्कान जैन ने बताया कि सेवा कार्यों का दायरा निरंतर बढ़ाया जा रहा है। सभी सदस्य अपनी नेक कमाई में से कुछ हिस्सा इस पुनीत काम के लिए निकालते हैं। सभी सदस्यों का लक्ष्य है कि कोई भूखा न सोए, सब बच्चे साक्षर हों । संस्था के पदाधिकारी… चेयरमैन कीमती लाल जैन, मार्गदर्शक विमल प्रकाश जैन, प्रमोद जैन, प्रधान मुस्कान जैन, उप प्रधान नृपन जैन, महामंत्री ऋषभ, दीपक, राजेश जैन, गगन जैन, दर्शन जैन, राकेश जैन व अन्य मेंबर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *