भास्कर न्यूज | लुधियाना भारतीय विद्या मंदिर, ऊधम सिंह नगर की सावी गुप्ता और वंशिका ने भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की पहल इंस्पायर पुरस्कार – मानक योजना की राष्ट्रीय रैंकिंग में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त किया। इसमें पंजाब राज्य की 345 परियोजनाओं में से लुधियाना जिले की 58 चयनित परियोजनाओं के साथ स्कूल के स्टूडेंट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करके नवोन्मेषी विचारों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया। चयनित छात्रों ने समकालीन चुनौतियों के समाधान के उद्देश्य से प्रस्तुत किए गए समाधानों के माध्यम से उल्लेखनीय वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए परियोजनाओं की मौलिकता,व्यावहारिकता और संभावित प्रभाव को सबके समक्ष प्रस्तुत किया। आठवीं कक्षा की स्टूडेंट्स सावी गुप्ता ने वीआईबीआरओ फिट: ई-अपशिष्ट संचालित वसा मशीन शीर्षक से परियोजना पेश की। सातवीं कक्षा की वंशिका ने कम बजट पीसी: फ्यूचर नेक्सस नामक अभिनव परियोजना की अवधारणा प्रस्तुत की। इन युवा नवप्रवर्तकों, जिन्हें “मिलियन माइंड्स” कहा जाता है। उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने प्रत्येक छात्र को उनके विचारों को क्रियात्मक रूप से विकसित करने में सहायता के लिए 10,000 रुपये की ग्रांट मिली है। प्रिंसिपल सीमा गुप्ता ने छात्रों की असाधारण उपलब्धि की सराहना की।


