कुछ लोग कर रहे माहौल खराब, ब्लैकमेलिंग हो रही: टिक्का

भास्कर न्यूज |लुधियाना मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी ने नगर निगम अधिकारियों पर पक्षपाती नीति अपनाने का आरोप लगाया है। गुरुद्वारा कमेटी का कहना है कि पिछले छह महीनों से इलाके में अवैध रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुरुद्वारा कमेटी के जनरल सेक्रेटरी सुखविंदर पाल सिंह सरना ने आरोप लगाया कि नगर निगम अधिकारी अवैध रेहड़ी-फड़ी वालों पर कार्रवाई करने की बजाय गुरुद्वारा साहिब के जोड़े घर (जूता घर) से बेंच और अन्य सामान उठाकर ले गए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई बिना किसी उचित कारण के की गई, जिससे संगत में नाराजगी है। सरना ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर गुरुद्वारा कमेटी जल्द बैठक करेगी और उस नगर निगम अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी जिसने गुरुघर से सामान उठाने की कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कमेटी इस मामले पर गंभीरता से विचार करेगी और संगत के हित में उचित फैसला लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब के माहौल को खराब करने की कोशिश करने वाले बाहरी लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं इस मामले पर विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि गुरुघर के साथ किसी भी तरह की गलत हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत नगर निगम कमिश्नर से फोन पर बात की और जोड़े घर से उठाया गया सामान वापस मंगवाया। उन्होंने कहा कि अगर किसी को भी कोई समस्या है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है और उसका समाधान किया जाएगा। उधर अमरजीत सिंह टिक्का ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मिलकर गुरुद्वारा साहिब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और ब्लैकमेलिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नगर निगम अधिकारी मंत्री का नाम लेकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और गुरुघर पर कार्रवाई कर रहे हैं। टिक्का ने मांग की कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ऐसे अधिकारियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर और पंजाब के मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *