लुधियाना| एक्साइज विभाग और थाना जमालपुर की पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक इनोवा कार में छिपाकर लाई जा रही 60 पेटी शराब बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, एक्साइज विभाग को सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से एक कार में भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एक्साइज विभाग और पुलिस ने चंडीगढ़ रोड पर रामगढ़ चौकी के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई की निगरानी एक्साइज विभाग के ईओ विकास भाटेजा और सौरव बराड़ कर रहे थे, जबकि एक्साइज इंस्पेक्टर अमित गोयल ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। जांच के दौरान टीम ने एक संदिग्ध इनोवा कार को रोककर तलाशी ली। कार से 60 पेटी शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सालिंगर निवासी फिरोजपुर और तजिंदर निवासी बाघा पुराना, जिला मोगा के रूप में हुई है।


