किसान 4 दिनों से बिजली बंद से परेशान

भास्कर न्यूज | बनसागर ग्राम पंचायत बनसागर और किशनपुरी के किसान पिछले चार दिनों से विद्युत सप्लाई बंद होने से परेशान हैं। बिजली बंद होने स खेतों में पानी सिंचाई नहीं हो पा रही है। इससे किसानों में चिंता बढ़ गई है। समस्या से परेशान लगभग 35 किसान शुक्रवार को पावर हाउस अमोड़ा पहुंचे और जल्द से जल्द विद्युत लाइन चालू करने की मांग की। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले चार दिनों से बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद है। ग्रामीण शिव कैलाश कुंजाम, संतराम वट्टी, लक्ष्मण सिन्हा, अहिलूराम सलाम, भूपेंद्र सलाम, चिंताराम नेताम, मानकराम मडावी, अनेश शोरी और जयराम मरकाम सहित अन्य किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में धान, गेहूं, मसूर, अरहर, उड़द, मूंग, मक्का सहित अन्य फसलें लगी हुई हैं, जिन्हें नियमित सिंचाई की आवश्यकता है। लेकिन बिजली बंद होने के कारण किसान अपने खेतों में पानी नहीं दे पा रहे हैं, जिससे फसलों के सूखने और खराब होने का खतरा बढ़ गया है। यदि जल्द ही विद्युत सप्लाई बहाल नहीं की गई तो उनकी मेहनत और लागत पर पानी फिर सकता है। कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की है और फसल खराब होने पर आर्थिक संकट गहरा सकता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल लाइन दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अमोड़ा कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *