अगवा कर बांधने, पिटाई करने और वीडियो वायरल करने की शिकायत

भास्कर न्यूज | जालंधर भोगपुर के गांव अखाड़ा के रहने वाले एक व्यक्ति ने कुछ युवकों पर किडनैप कर पिटाई व बेइज्जती करने का वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने एसएसपी जालंधर को लिखित शिकायत दी है। पीड़ित पवनदीप पुत्र प्रेम लाल ने बताया कि हरमन, तरुण, हरमन के पिता और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति निवासी गांव जंडे सराय नशे के आदी हैं और अक्सर उनके गांव के आसपास घूमते रहते हैं। पवनदीप के अनुसार कुछ समय पहले उसके बेटे ने इन युवकों को मोटरसाइकिल धीरे चलाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके बेटे से रंजिश रखनी शुरू कर दी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उसके बेटे पर हमला भी किया था, जिसकी शिकायत भोगपुर थाने में दी गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पवनदीप के मुताबिक बाद में आरोपी उनके घर पहुंचे और गेट के पास धारदार हथियारों से हमला कर गालियां दीं। आरोप है कि आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की और उसकी बेइज्जती करते हुए वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पीड़ित ने शिकायत में यह भी कहा कि उसे और उसके परिवार को आरोपियों से जान का खतरा है। उसने एसएसपी से मांग की है कि मामले की किसी वरिष्ठ अधिकारी से जांच करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *