भास्कर न्यूज| जालंधर राजा गार्डन इलाके में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच भारी हंगामा हुआ। विवाद गली में खड़ी एक्टिवा (स्कूटी) को पीछे करने को लेकर हुआ, जो बाद में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया। मोहल्ले के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार गली में गाड़ी निकालने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान एक पड़ोसी ने दूसरे पक्ष से एक्टिवा को पीछे करने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी के घर आए दामाद ने इस बात को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। एक व्यक्ति ने बताया कि दो दिन पहले भी उक्त व्यक्ति ने उसके साथ विवाद किया था और उसे देख लेने की धमकी दी थी। पीड़ित परिवार की महिला ने आरोप लगाया कि वह दमा की मरीज है और उनके पड़ोसी का दामाद अक्सर ऊंची आवाज में डीजे बजाता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी ने उन्हें धमकाया है कि उनके दामाद के पास दो पिस्टल हैं और वह गोलियां भी चला सकता है। वहीं दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि दामाद किसी प्रकार का नशा नहीं करता और न ही उसने किसी को धमकी दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या नुकसान नहीं किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की, लेकिन पुलिस के जाने के बाद भी विवाद को लेकर हंगामा जारी रहा। दूसरे पक्ष की ओर से मामले को आपसी समझौते से सुलझाने की बात कही गई, जबकि पहले पक्ष ने फिलहाल किसी भी तरह का समझौता करने से इनकार कर दिया है।


