महासमुंद| आस्था के केंद्र चण्डी मंदिर परिसर में गाली-गलौच और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मंदिर प्रांगण में अशांति फैलाने और दो भाइयों के साथ मारपीट करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 5 मार्च को ग्राम जुनवानी खुर्द निवासी महेन्द्र वैष्णव अपने छोटे भाई विनय को मोबाइल देने मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान डबरापारा निवासी तीन युवक खेमराज, अशफाक और आलम वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के अश्लील गालियां देने लगे। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने महेन्द्र पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। जब छोटा भाई विनय बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। घटना के प्रत्यक्षदर्शी छन्नू चक्रधारी, छत्रपाल महाराज सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित महेन्द्र वैष्णव की शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट में घायल दोनों भाइयों के शरीर और चेहरे पर चोटें आई हैं।


