स्कूली छात्रों का हक रोका, तो नपेंगे संस्था प्रमुख

भास्कर न्यूज| महासमुंद बागबाहरा। शिक्षा विभाग के गलियारों में इन दिनों राज्य छात्रवृत्ति को लेकर हलचल तेज हो गई है। सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति कार्य की सुस्त रफ्तार पर बागबाहरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी केके वर्मा ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़ा यह कार्य अब वेटिंग लिस्ट में नहीं रहेगा। विकासखंड कार्यालय में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में जब छात्रवृत्ति पोर्टल की प्रविष्टि और लंबित प्रकरणों का कच्चा चिट्ठा खुला, तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। समीक्षा के दौरान प्राचार्य विकास साहू, कुश साहू, मदन पटेल और अन्य संस्था प्रमुखों ने अपनी रिपोर्ट पेश की। जहां कुछ स्कूलों ने बेहतर प्रदर्शन किया, वहीं कई शिक्षण संस्थानों में दस्तावेजों का मिलान और ऑनलाइन अपलोडिंग का कार्य अधर में लटका पाया गया। बीईओ वर्मा ने ड्रॉप बॉक्स में महीनों से लंबित पड़े आवेदनों पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे के स्पष्ट निर्देश हैं कि हर पात्र छात्र को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिले। अगर अगले दो दिनों के भीतर ड्रॉप बॉक्स खाली नहीं हुआ और लंबित प्रकरणों का निराकरण नहीं हुआ, तो संबंधित संस्था प्रमुख पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्राचार्य लालजी साहू, हरक दीवान, सहायक बीईओ रामता मन्नाडे, बीआरसी भूपेश्वरी साहू आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *