झारखंड के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल कर्मियों की लगातार अनुपस्थिति पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने राज्यभर में 9547 डॉक्टरों और नर्सिंग व अन्य मेडिकल स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने उन डॉक्टरों और कर्मियों को नोटिस भेजा है, जो अस्पताल की ड्यूटी पर नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 4468 डॉक्टर और मेडिकल कर्मी ऐसे पाए गए हैं, जिनकी जनवरी में एक भी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं हुई। वहीं, 579 कर्मियों की उपस्थिति 50% से भी कम पाई गई है। आईटी जीएम का वेतन रोका : इधर, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने अनुशासनहीनता के आरोप में निगम मुख्यालय के आईटी महाप्रबंधक धनंजय कुमार के वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। जीएम (एचआर) समीर मुंडू द्वारा जारी आदेश के अनुसार धनंजय बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।


