एजुकेशन रिपोर्टर | रांची डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में कर्मचारियों की जारी हड़ताल का असर अब छात्रों पर भी साफ दिखने लगा है। शुक्रवार को असिस्टेंट रजिस्ट्रार अमित हेरेंज के नेतृत्व में सभी कर्मचारी 13वें दिन हड़ताल पर डटे रहे। हड़ताल के चलते बीएड सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रमाण-पत्र, सर्टिफिकेट, माइग्रेशन और अन्य जरूरी दस्तावेज लेने पहुंचे कई छात्र कार्यालय बंद रहने के कारण निराश लौट गए। वहीं कैंपस में चारों ओर कूड़ा-कचरा पसरा हुआ है। एसोसिएशन के महासचिव रोहित सिंह, संतोष कुमार, शैलेंद्र कुमार, उदय प्रसाद, मनोज कुमार ने कहा कि एमएसीपी राज्य के दूसरे सभी विवि में दिया जा रहा है। सिर्फ डीएसपीएमयू में बिना किसी नोटिफिकेशन के रोक लगा दी गई है। सिर्फ विवि प्रशासन से लगी रोक को हटाने के लिए चल रही कार्यवाही का आश्वासन दिया जाता है। 7 मार्च तक एमएसीपी के लंबित भुगतान पर ठोस निर्णय नहीं होने 9 मार्च से सभी तहर के कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। मौके पर मुख्य रूप से डॉ मनोज, संतोष कुमार, शैलेंद्र कुमार, उदय प्रसाद, राजू साव, अजीत दत्त, सुनीता टोप्पो, रतिनेंद्र सिंह, मंगल प्रसाद, महावीर मुंडा, मंगल उरांव, राजू महतो, मो. आसिफ, मो. अकील, कृष्ण यादव, राजू मुंडा, नीलम, अनुराधा, मोहन कच्छप, आशा उरांव, उषा, सुनीता शर्मा समेत अन्य मौजूद थे।


