शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर एक पिकअप गाड़ी का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार चार माह के एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने नाना की गोद में था और उछलकर सड़क पर गिर गया था। पुलिस ने बताया कि दलीप दास अपनी बेटी कांता और चार महीने के दोहिते जीवराज के साथ चूरू से लूणकरणसर जा रहे थे। गाड़ी कालूगर चला रहा था। 264 आरडी के पास अचानक पिकअप गाड़ी का टायर फट गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान दलीप दास की गोद में बैठा चार महीने के मासूम जीवराज उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अन्य लोगों को मामूली चोटें लगीं। जीवराज को तुरंत इलाज के लिए लूणकरणसर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सुरेंद्र स्वामी ने मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


