आरयूएचएस अस्पताल के ईएनटी विभाग के डॉक्टरों की टीम ने शुक्रवार को उदयपुर निवासी तीन साल की बच्ची सनाया के कान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित स्मार्ट कॉक्लियर इंप्लांट लगाया। करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद बच्ची स्वस्थ है। डॉक्टरों के अनुसार अगले 21 दिन बाद वह सुनने के साथ बोल भी सकेगी। आरयूएचएस के ईएनटी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. मोहनीश ग्रोवर ने बताया कि सरकारी स्तर पर प्रदेश में इस तरह का यह पहला आधुनिक कॉक्लियर इंप्लांट है। 8 से 22 लाख की लागत; एडवांस कॉक्लियर इंप्लांट की कीमत 8 लाख से 22 लाख तक होती है। निजी अस्पतालों में यह ऑपरेशन 10 लाख से 25 लाख के बीच पड़ सकता है। डिवाइस की लाइफ; कान के अंदर लगाया जाने वाला इंप्लांट करीब 30 साल तक चल सकता है। साउंड प्रोसेसर की बैटरी बाहर लगी होती है, जिसकी लाइफ तीन साल होती है।


