सिविल सेवा परीक्षा 2025:चित्तौड़गढ़ के अनुज टॉपर; तमिलनाडु की राजेश्वरी दूसरे नंबर पर, बहरोड़-तिजारा जैसे छोटे शहरों से 36 चयनित

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित किया। राजस्थान के रावतभाटा (चित्तौड़गढ़) के रहने वाले डॉ. अनुज अग्निहोत्री टॉपर रहे हैं। अनुज अभी दिल्ली और यूटी सिविल सेवा में एसडीएम हैं। अनुज का यह तीसरा प्रयास था। दूसरे स्थान पर तमिलनाडु की राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर हरियाणा के आकांश ढुल रहे। इस बार टॉप-25 में 11 लड़कियां व 14 पुरुष हैं। टॉप-5 में एक लड़की है। अनुज व आकांश तीसरे, राजेश्वरी पांचवें अटेम्प्ट में सफल हुई हैं। राजस्थान से करीब 40 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें से बाड़मेर,पोकरण, नदबई जैसे छोटे शहरों से 36 अभ्यर्थी हैं। 3 साल बाजार-शादी से दूर, कॉपी में लिखते रहे…‘अनुज IAS 2026’ अनुज के 4 सक्सेस मंत्र 1. आत्मविश्वास… अनुज ने मेडिकल में प्रवेश लेने के साथ ही सिविल सर्विसेज में जाने का फैसला कर लिया था। उनका सपना था कि हर हाल में 2026 तक आईएएस बनना ही है। वह हमेशा काॅपी और डायरी में लिखते थे…अनुज आईएएस 2026…। 2. समय…पढ़ाई के अलावा किसी और काम के लिए समय रखा ही नहीं। तीन साल बाजार-शादी से दूर रहा। उनका मानना था कि ‘इन कामों से समय बर्बाद होता है।’ समय बर्बाद करने वाला सफल नहीं हो सकता। 3. विषय की सीमा तोड़ना..मेडिकल बैकग्राउंड से हूं। पर साहित्य और दूसरे विषयों पर भी पूरा फोकस। इंटरव्यू में पूछे गए मीरा बाई और राजस्थान से जुड़े इतिहास के बारे में सही बता पाया। 4. उतार-चढ़ाव तो आएंगे… मन के हारे हार है…मन के जीते जीत। अगर इस बार भी सफलता नहीं मिलती तो अगले प्रयास की तैयारी शुरू कर देता। यूपीएससी की तैयारी एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। 7 साल बाद राजस्थान से टॉपर ईशा सिंह. जयपुर। सीएसई 2025 के टॉपर राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री हैं। सात साल बाद राजस्थान को टॉपर मिला है। इससे पहले 2018 में जयपुर के कनिष्क कटारिया की रैंक वन थी। रैंक-1 देने वाले राज्यों में राजस्थान तीसरे स्थान पर है। 26 साल में प्रदेश से 3 कैंडिडेट्स ने रैंक 1 हासिल की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *