सीकर जिले के कई होनहारों ने UPSC-2025 के परीक्षा परिणाम में जिले का नाम रोशन किया है। रलावता गांव निवासी पुलिस में ASI पोकरमल के बेटे संजय कुमार ने परीक्षा में 502वीं रैंक हासिल की है। चैनपुरा ढिंगपुर निवासी रिटायर्ड CRPF सब इंस्पेक्टर शांति हरितवाल के बेटे सिद्धांत हरितवाल ने 637वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं सीकर के नबीपुरा गांव निवासी किसान महेंद्र राबिया की बेटी नेहा राबिया ने 690वीं रैंक अर्जित की है। नेहा दिल्ली में ग्रेजुएशन के दौरान वर्ष 2020 में मिरांडा हाउस कॉलेज की छात्रसंघ अध्यक्ष रही हैं। खास बात यह है कि संजय ने तीन दिन पहले ही युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (यूथ अफेयर्स मिनिस्ट्री) में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर जॉइन किया था। अब यूपीएससी में सफलता मिलने से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। 502वीं रैंक हासिल करने वाले संजय सीकर जिले की श्रीमाधोपुर तहसील क्षेत्र में रलावता गांव के रहने वाले हैं। संजय के पिता पोकरमल दांतारामगढ़ पुलिस थाने में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत हैं। संजय की माता सजना देवी गृहिणी हैं। संजय कुमार पहले सांख्यिकी विभाग में भी दे चुके सेवाएं
संजय कुमार ने 3 दिन पहले युवा-खेल मामलात मंत्रालय में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर ज्वॉइन किया था। कर्नाटक के हुबली में सांख्यिकी विभाग के ईपीएफओ में अकाउंट्स ऑफिसर पद पर मई 2025 में चयन होने के बाद नौकरी ज्वॉइन की। संजय कुमार ओबीसी कैटेगरी से आते हैं। संजय अभी अविवाहित हैं और सरकारी जॉब करते हुए कर्नाटक में ही रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे। वहीं से उन्होंने यूपीएससी की एग्जाम दी थी। करीब 6 महीने अकाउंट्स ऑफिसर के पद पर रहे। इसके बाद हाल ही तीन दिन पहले असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर ज्वॉइन किया था। दांतारामगढ़ डीएसपी ने ASI पिता को दी बधाई
संजय का सलेक्शन होने के बाद पिता पोकरमल ने कहा- संजय ने पूरी लगने से देश की सबसे बड़ी एग्जाम क्वालिफाई की है। संजय की इस उपलब्धि पर दांतारामगढ़ डीएसपी कैलाश कंवर ने भी ASI पोकरमल को बधाई दी। CRPF सब-इंस्पेक्टर रहीं मां, बेटे सिद्धांत की 637वीं रैंक
सीकर के चैनपुरा ढींगपुर गांव के सिद्धांत हरितवाल का यूपीएससी-2025 के फाइनल रिजल्ट में सलेक्शन हुआ है। सिद्धांत के पिता बनवारीलाल हरितवाल अलोदा स्कूल में थर्ड ग्रेड टीचर हैं। मां CRPF में सब-इंस्पेक्टर पद से रिटायर्ड हैं। सिद्धांत ने चौथे प्रयास में ये सफलता हासिल की है। सिद्धांत का 12वीं कक्षा के साथ ही IIT में सलेक्शन हो गया था। 26 वर्षीय सिद्धांत ने IIT कॉलेज से इलेक्ट्रिकल विंग में इंजीनियरिंग की है। दिल्ली में पढ़ाई करते समय सिद्धांत ने यूपीएससी एग्जाम की तैयारी शुरू कर दी है। सिद्धांत के पहले प्रयास में 3 नंबर और दूसरे में 18 नंबर कम आए थे। तीसरे प्रयास में सिद्धांत प्री में असफल हो गए। इसके बावजूद सिद्धांत ने यूपीएससी को जिद्द बनाया और इस बार कामयाबी अपने नाम की। दिल्ली की छात्रसंघ अध्यक्ष रहीं नेहा की 690वीं रैंक
सीकर के नबीपुरा गांव की बेटी नेहा राबिया ने यूपीएससी परीक्षा-2025 में 690वीं रैंक हासिल की है। नेहा की जिद्द यूपीएससी को क्रैक करने की थी, इसीलिए 3 अटेंप्ट में प्रीलिम्स क्लियर नहीं होने के बावजूद हार नहीं मानी। सीधे फाइनल एग्जाम पास कर लिया। नेहा के पिता महेंद्र राबिया किसान हैं और मां सुलोचना देवी होममेकर हैं। नेहा ने 2017-2020 में मैथमेटिक्स ऑनर्स में ग्रेज्यूएशन की। इसी बीच वर्ष 2020 में नेहा मिरांडा हाउस कॉलेज से छात्रसंघ की अध्यक्ष बन गईं। इसके बाद नेहा वापिस जयपुर लौटीं। उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी से ज्योग्राफी में पोस्ट ग्रेज्यूएशन की। फिलहाल नेहा वनस्थली विद्यापीठ में Ph.D. स्कॉलर हैं।


