दस गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाले दो गिरफ्तार:पांच नाबालिगों को किया डिटेन, प्रताप नगर में दहशत फैलाने जमकर मचाया था उत्पात

प्रताप नगर के सेक्टर-के में दिनदहाड़े हथियार लहराकर और गाड़ियां तोड़कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जोधपुर की प्रतापनगर सदर थाना पुलिस और डीएसटी (पश्चिम) ने 10 गाड़ियां तोड़ने और एक मोहल्ले में लोगों को धमकाने में शामिल पांच बाल अपचारियों (नाबालिगों) को भी निरूद्ध कर पुलिस संरक्षण में लिया गया है। डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल ने बताया कि प्रताप नगर क्षेत्र में हुई घटना में शामिल बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसीपी (प्रतापनगर) रविन्द्र बोथरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें थानाधिकारी गोविन्द व्यास और डीएसटी प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन्हीं फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर प्रतापनगर सदर थाने के पीछे स्थित इन्द्रा कॉलोनी निवासी देवराज वाल्मिकी (19) और सुदेश वाल्मिकी (18) को गिरफ्तार किया है। बच्चियों के विवाद में मचाया था भारी उत्पात गौरतलब है कि यह पुलिस कार्रवाई 3 मार्च की उस घटना से जुड़ी है, जब बदमाशों ने प्रतापनगर इलाके (के-207 के पास) में उत्पात मचाया था। घटना के दिन दोपहर करीब 1 बजे गली में बच्चियां होली खेल रही थीं, तभी लाल रंग की मोटरसाइकिल पर आए कुछ लड़कों ने बच्चों के साथ अकारण झगड़ा किया था। करीब डेढ़ घंटे बाद ये बदमाश पूरी तैयारी के साथ लोहे की रॉड, लाठियां और सरिये लेकर वापस लौटे और गली में खड़ी 10 गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। “शिकायत की तो एक-एक को मार देंगे” बदमाशों ने घटना के दिन जाते-जाते मोहल्ले वालों को खुली धमकी दी थी कि अगर किसी ने पुलिस में शिकायत की, तो वे एक-एक को जान से मार देंगे। उन्होंने लोगों के घरों के दरवाजों पर भी सरिये मारकर समूचे मोहल्ले में खौफ का माहौल बना दिया था। इसके बाद पीड़ित धुरेन्द्र गर्ग ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। —– ये खबर भी पढ़ें… बदमाशों ने आपसी रंजिश में कई दोपहिया वाहन तोड़े-VIDEO:होली पर हुआ था झगड़ा, घर के बाहर लाठियों से किया हमला; आरोपी फरार

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *