चतरा में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:शादी से लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की हालत गंभीर

चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक अपने दोस्त की शादी समारोह से लौट रहे थे। यह हादसा इटखोरी थाना क्षेत्र के हजारीबाग रोड स्थित करनी इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार सिलाड़ गांव निवासी मिथिलेश भुईयां, धुना गांव निवासी पंकज भुईयां और नीरज कुमार भुईयां एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करनी से धुना गांव जाने के क्रम में तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में मिथिलेश भुईयां की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल ले जाने के दौरान दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल पंकज भुईयां को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी भी मौत हो गई। पंकज भुईयां अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं तीसरे घायल नीरज कुमार भुईयां की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस इधर घटना के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के बाद फरार वाहन तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, घटना के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *