युवक ने ससुराल में लगाई फांसी, मौत:परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

बारां जिले के सीसवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान महेंद्र पुत्र भैरूलाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी सीसवाली जिला बारां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेंद्र अपनी ससुराल में रह रहा था, जहां उसने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार जब ससुराल पक्ष के लोगों ने महेंद्र को फंदे पर लटका देखा तो उसे तुरंत नीचे उतारा और इलाज के लिए कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की बहन राज बाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि महेंद्र अपने ससुराल में ही रहता था और वहां अक्सर उसके साथ लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। बहन के अनुसार शुक्रवार शाम को महेंद्र से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उसने कहा था कि वह घर आ रहा है, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा फोन कर बताया कि वह नहीं आ रहा। फोन पर पीछे से झगड़े की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं। बहन का आरोप है कि कुछ देर बाद ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया कि महेंद्र ने फांसी लगा ली है। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के कारण ही वह इतना परेशान हो गया कि आत्महत्या करने को मजबूर हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *