सेना के ट्रक से टकराई कार, जवान की मौत:पिचक गई गाड़ी, फंस गया था शव; 2 घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन से निकाला

जैसलमेर में सेना के ट्रक और स्विफ्ट कार की टक्कर में आर्मी जवान की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह पिचक गई। जवान का शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया। क्रेन की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। हादसा जैसलमेर-लोंगेवाला मार्ग पर गमनेवाला गांव के पास शुक्रवार दोपहर 3 बजे हुआ। शव रामगढ़ के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया और परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि ट्रक में दो जवान सवार थे, जो रामगढ़ से लोंगेवाला की ओर जा रहे थे। सेना के अधिकारियों ने घटना के संबंध में रामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोस्तों से मिलकर लौट रहे थे तनोट थाना प्रभारी जीत राम ने बताया- हवलदार राजविंदर सिंह (40) स्विफ्ट कार से जैसलमेर आर्मी कैंट से लोंगेवाला आए थे। दोस्तों से मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे लौट रहे थे। तभी गमनेवाला गांव के पास सामने से आ रहे सेना के ट्रक से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया। हवलदार राजविंदर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही तनोट पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि शव को सामान्य तरीके से बाहर निकालना मुमकिन नहीं था। इसके बाद सेना के रिकवरी वाहन को मौके पर बुलाया गया। मशीनों से कार के मलबे को काटा गया। फिर क्रेन की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *