विश्व महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर राजस्थान रोडवेज ने महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। इसके तहत, वे रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस संबंध में आदेश जारी होने के बाद झालावाड़ रोडवेज डिपो ने बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की है और सभी ड्राइवर-कंडक्टरों को मुफ्त यात्रा की जानकारी दी गई है। निगम द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 8 मार्च को राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाओं और बालिकाओं को राज्य की सीमा के भीतर निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह व्यवस्था केवल एक दिन के लिए, 8 मार्च को रात 12 बजे से उसी रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगी। निःशुल्क यात्रा की सुविधा के लिए टिकट ईटीआईएम मशीन और टिकट बुक के माध्यम से जारी किए जाएंगे, जिन पर “महिला/बालिका यात्री” अंकित होगा। यह सुविधा केवल राजस्थान राज्य की भौगोलिक सीमा के भीतर संचालित रोडवेज बसों में ही मान्य होगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह निःशुल्क यात्रा सुविधा वातानुकूलित (एसी), वोल्वो तथा ऑल इंडिया परमिट पर संचालित बसों में लागू नहीं होगी। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को सम्मान देने और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। झालावाड़ रोडवेज डिपो के मुख्य प्रबंधक पवन कुमार सैनी ने बताया कि यात्रा के आदेश मिल गए हैं। महिलाओं और बालिकाओं को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्टाफ और बस ड्राइवर-कंडक्टरों को पाबंद किया गया है। जिले में रोडवेज की 55 शेड्यूल बसों से प्रतिदिन लगभग 14 से 15 हजार यात्री यात्रा करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल होती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं से पहले से ही रियायत के आधार पर 50 प्रतिशत किराया लिया जाता है, लेकिन 8 मार्च को यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क होगी। इस दिन पुरुष यात्रियों को पूरा किराया देना होगा।


