आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को नियम 295 के तहत आहोर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में जल संरक्षण और बाढ़ सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्य करवाने की मांग उठाई। कई गांवों की समस्या उठाई विधायक राजपुरोहित ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि चांदना, बांकली, नोसरा, रसियावास, हरजी, भागली पुरोहितान, भैंसवाड़ा, कवराड़ा, भूति, आकोली (खेडा सुमेरगढ़ व सिवना) सहित अन्य गांवों में वर्षों से वर्षा जल का समुचित संचयन नहीं हो रहा है। इसके कारण क्षेत्र में भू-जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। जवाई नदी में सब-सर्फेस बैरियर की जरूरत उन्होंने कहा कि जवाई नदी में सब-सर्फेस बैरियर के अभाव में जल का अपव्यय हो रहा है। वहीं बाढ़ के समय आसपास के क्षेत्रों में नुकसान की स्थिति भी बन जाती है। 139 करोड़ की स्वीकृति की मांग विधायक ने बांध, एनीकट और नहरों के जीर्णोद्धार के साथ जवाई नदी में सब-सर्फेस बैरियर निर्माण तथा बाढ़ सुरक्षा के लिए तटबंध (पिचिंग कार्य) जैसे कार्यों के लिए 139 करोड़ रुपए की स्वीकृति देने की मांग की। सरकार से शीघ्र स्वीकृति का आग्रह राजपुरोहित ने सरकार से इन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जल्द स्वीकृति और बजट आवंटन सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और बाढ़ से होने वाले नुकसान से राहत मिल सके।


