जैसलमेर में वंडर सीमेंट प्रोजेक्ट पर काम कर रहा एक युवक नीचे गिर गया। हादसे के दौरान युवक पैकिंग प्लांट के कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहा था। हादसा पारेवर गांव में शुक्रवार शाम को हुआ। इस हादसे में 20 साल का दिनेश पासवान घायल हो गया, जिसे जोधपुर रेफर किया गया। दिनेश बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है। दिनेश ‘तरुण कंस्ट्रक्शन कंपनी’ के माध्यम से यहां मजदूरी करने आया था। रामगढ़ थाना प्रभारी भुटाराम ने बताया- अभी तक इस मामले को लेकर किसी भी तरह की शिकायत रामगढ़ थाने में दर्ज नहीं हुई है, लेकिन हम हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। पैकिंग प्लांट के निर्माण के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार पारेवर में वंडर सीमेंट के प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार को पैकिंग प्लांट के ऊंचे हिस्से पर काम चल रहा था, तभी वहां मजदूरी कर रहा दिनेश कुमार अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद अन्य श्रमिकों और प्रोजेक्ट के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे संभाला और निजी गाड़ियों की मदद से जिला मुख्यालय स्थित जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां से उसे जोधपुर रेफर किया गया हादसे में दिनेश के चेहरे और पैरों में गंभीर फ्रैक्चर और चोटें आई हैं। सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, अभी तक पुलिस रिपोर्ट नहीं इस हादसे के बाद एक बार फिर निर्माण साइट्स पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या ऊंचाई पर काम करते समय सुरक्षा बेल्ट, जाली या अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था? फिलहाल, इस मामले में अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। कंपनी प्रबंधन की ओर से भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


