अलवर शहर के लखंडा वाला कुआ में शनिवार को भी नलों में सीवरेज का पानी आया तो महिलाएं घरों से बाहर आकर विरोध करने लगी। महिलाओं ने कहा कि पांच दिन से लगातार सीवरेज का पानी आ रहा है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने सुध नहीं ली। वैसे करीब ढाई महीने से यही हाल है। बीच-बीच में अनेकों बार गंदा पानी आया है।
महिला सरोज ने कहा कि नलों में इतना बदबूदार पानी आता है कि पीना तो दूर, घरेलू उपयोग में लेना भी मुश्किल हो गया है। गंदे पानी की बदबू घरों में पहुंच जाती है। इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम, स्थानीय पार्षद और राज्य सरकार के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। हर बार अधिकारी मौके पर आकर अस्थायी समाधान कर देते हैं। लेकिन दो-चार दिन बाद पहले की तरह गंदा पानी आने लग जाता है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं किया तो आमजन को मजबूरी में रोड पर उतरना पड़ेगा। महिला रामवती ने कहा कि बीच-बीच में पानी का टैंकर मंगाते हैं। जिस दिन अधिक गंदा आता है उस दिन मुश्किल अधिक हो जाती है। शिकायत भी कर दी। लेकिन कोई सुध नहीं लेता है। अब वापस चार से पांच दिनों से काला पानी आ रहा है।


