बीकानेर में एलपीजी सिलेंडर महंगा हुआ:घरेलू सिलेंडर के दाम 60 और कॉमर्शियल के 114 रुपए बढ़े, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब स्थानीय बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। बीकानेर में एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। पेडीवाल गैस एजेंसी के संचालक रमेश पेड़ीवाल ने बताया कि नए रेट के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर 866 रुपए से बढ़कर 926 रुपए हो गया है, यानी उपभोक्ताओं को अब प्रति सिलेंडर 60 रुपए अधिक चुकाने होंगे। वहीं 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1833 रुपए से बढ़कर 1947 रुपए हो गई है, जो 114 रुपए की बढ़ोतरी दर्शाती है। अलग अलग कंपनियों की रेट में मामूली अंतर भी हो सकता है। अब बुकिंग नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब 21 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक हो सकेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाल के दिनों में ऊर्जा कीमतों में तेजी देखी गई है। मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और तेल आपूर्ति मार्गों में बाधा के कारण वैश्विक तेल-गैस कीमतों में उछाल आया है, जिससे एलपीजी जैसे ईंधनों की लागत भी बढ़ रही है। भारत अपनी एलपीजी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू दरों पर पड़ता है। व्यापारिक क्षेत्र पर इसका ज्यादा प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बाजार के अनुसार तय होती हैं और इनमें तेजी से बदलाव होता है। हाल के महीनों में देशभर में भी कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई दरों के बाद होटल-रेस्तरां, ढाबों और छोटे खाद्य व्यवसायों की लागत बढ़ने की संभावना है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर भी इसका असर पड़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *