राजसमंद में नार्को-टिप हेल्पलाइन शुरू:शहर के लोग वॉट्सऐप पर दे सकेंगे जानकारी, विभाग गोपनीय रहेगा नाम

राजसमंद जिले में अवैध मादक पदार्थों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ‘नार्को-टिप’ हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस हेल्पलाइन के जरिए अब आम नागरिक आसानी से पुलिस को गोपनीय तरीके से महत्वपूर्ण सूचनाएं दे सकेंगे।
पुलिस द्वारा जारी मोबाइल नंबर 9413092907 पर कोई भी व्यक्ति टेक्स्ट मैसेज या वॉट्सऐप के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अपराधियों की गतिविधियों, आग्नेय अस्त्र, कारतूस, विस्फोटक, हथियार तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भेज सकता है। पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य ऐसी सूचनाओं को तुरंत पुलिस तक पहुंचाना है, जिससे संबंधित मामलों में त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
उप महानिरीक्षक पुलिस एवं पदेन राजसमंद एसपी ममता गुप्ता ने बताया कि हेल्पलाइन का संचालन एनडीपीएस सेल प्रभारी उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह द्वारा किया जाएगा। आमजन से मिलने वाली सूचनाओं को एनडीपीएस सेल के माध्यम से सीधे एसपी कार्यालय तक पहुंचाया जाएगा, ताकि मामलों में तुरंत कार्रवाई हो सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एसपी ने आमजन से अपील की है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग कर पुलिस का सहयोग करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *