कोटपूतली-बहरोड़ जिले में खाद्य विभाग द्वारा एक नई राशन वितरण प्रणाली शुरू की जा रही है। यह नवाचार संपूर्ण राज्य में लागू किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करना और वितरण में पारदर्शिता लाना है। दुकानों पर वितरण पूरी तरह ऑनलाइन होगा जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा ने बताया-अब राशन की दुकानों पर वितरण कार्य पूरी तरह ऑटोमेटिक होगा। पुरानी व्यवस्था में राशन डीलर केवल राशन कार्ड देखकर पोस्ट मशीन में मात्रा दर्ज करते थे। नई प्रणाली में, उपभोक्ता के राशन कार्ड में सदस्यों की संख्या के आधार पर निर्धारित मात्रा पूरी होते ही एक ऑनलाइन पर्ची अपने आप निकल जाएगी। इसमें किसी भी मानवीय हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं होगी। प्रक्रिया में आएगी पारदर्शिता इस नई व्यवस्था के तहत, राशन मशीनों को ब्लूटूथ के माध्यम से ऑनलाइन कनेक्ट किया गया है। साथ ही, पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीनों की लोकेशन को जियो-ट्रैकिंग के जरिए ब्लॉक किया गया है। इससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और यह सुनिश्चित होगा कि उपभोक्ताओं को उनका पूरा और सही राशन मिले। उपभोक्ताओं का समय बचेगा यह प्रणाली उपभोक्ताओं की कई समस्याओं का समाधान करेगी, जिनमें राशन न मिलना या कम राशन मिलना जैसी शिकायतें शामिल हैं। यह व्यवस्था अभी प्रायोगिक चरण में है, लेकिन इसके बेहतर परिणाम आने की उम्मीद है। इससे उपभोक्ताओं का समय बचेगा और कार्य में तेजी आएगी।


