ईरान पर अमेरिका इजरायल हमले के बाद खाड़ी देशों के बिगड़े हालात का असर अब किचन के बजट पर देखा जा रहा है। खाड़ी युद्ध को अभी केवल एक सप्ताह ही हुआ है और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 60 रुपए बढ़ गई है। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर के रेट 125 रुपए बढ़ गए है। ऐसे में नागौर में घरेलू गैस सिलेंडर की रेट जहां 873.50 से बढाकर 933.50 हो गई है। जबकि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत भी 1833 से बढाकर 1950 कर दी गई है। इधर, इनकी कीमत बढ़ने के बाद शहर की महिलाओं का कहना है कि इसका असर अब घर के बजट पर भी पड़ने वाला है।
महिलाएं बोलीं- पूरे घर का बजट बिगड़ जाएगा गैस सिलेंडर की क़ीमतों में बढ़ोतरी पर बोलते हुए नागौर के हनुमान बाग कॉलोनी की रहने वाली गृहणी अल्का श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में वैसे भी खाद्य सामग्री की बढ़ती क़ीमतों की वजह से किचन का बजट बिगड़ा हुआ है। सब्जियां, दालें खाद्य तेल सबकी कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से आमजन प्रभावित होगा। नागौर के ही चेनार की रहने वाली और कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की सीमा सोलंकी ने बताया कि अभी तो युद्ध शुरू हुआ है और 60 रुपए सिलेंडर के दाम बढ़ गए है। सरकार को इनकी कीमतों पर अंकुश लगाना चाहिए। क्योंकि गैस सिलेंडर की कीमतें आम आदमी को प्रभावित करती है। इससे पूरे घर का बजट बिगड़ जायेगा क्योंकि बाजार में वैसे भी हर घरेलू सामान की कीमत आसमान छू रही है।
नागौर के बख्तासागर के पास चौपाटी कैफे चलाने वाले प्रदीप पंवार ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर की रेट पहले से ही बहुत ज्यादा थी। अब एक साथ 125 रुपये बढ़ने से प्रॉफिट पर इसका प्रभाव पड़ेगा। व्यापार पहले से ही कम चल रहा है और ऊपर से सिलेंडर की बढ़ी कीमत हमारे ऊपर दोहरी मार करेगी।


