संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के टॉपर का कहना है कि सक्सेस का मतलब ये कतई नहीं है कि जिंदगी में पढ़ाई के अलावा कुछ और हो ही न। पढ़ाई के साथ सब कुछ हो- हंसी, मजाक, फिल्में, गीत-संगीत और दोस्त। 26 साल की उम्र में यूपीएससी टॉप करने वाले अनुज अग्निहोत्री राजस्थान के चितौड़गढ़ जिले के रहने वाले हैं। शुक्रवार को यूपीएससी 2025 का रिजल्ट आने के बाद दैनिक भास्कर एप की टीम ने अनुज अग्निहोत्री से बात की। डॉ. अनुज अग्निहोत्री की खुशमिजाजी का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उनसे पूछा गया कि आपकी पसंद का गाना कौनसा है तो जवाब था- कैसे-कैसों को दिया है, ऐसे-वैसों को दिया है, मुझको भी तो लिफ्ट करा दे, थोड़ी सी तो लिफ्ट करा दे… जब उनसे पूछा गया कि आपने यही गाना क्यों चुना। इसके पीछे कोई स्टोरी है क्या? इस पर अनुज बोले- मैंने सोचा कि इंटरव्यू में मुझसे फेवरेट सॉन्ग पूछ लिया गया तो क्या बताऊंगा, इसलिए मैंने ये ही गाना याद किया। पढ़िए- दैनिक भास्कर टीम के सवाल और यूपीएससी टॉपर अनुज अग्निहोत्री के जवाब- सवाल: आप ऑनलाइन और ऑफलाइन में किसे तैयारी के लिए बेहतर मानते हैं? अनुज: मैंने ऑनलाइन ही स्टडी की है, क्योकि घर रहकर पढ़ाई करना सबसे बेस्ट है। आप अपने आप को फ्री महसूस कर सकते हैं। घर का वातावरण आपको पॉजिटिव सोच दे सकता है। सवाल: आप पहले भी यूपीएससी पास कर चुके थे। इसके बाद भी दो बार लगातार परीक्षा दी। इतने कंसिस्टेंट कैसे रहे? जवाब: मेरा सपना आईएएस बनना था। इसके लिए ही मैं कॉलेज टाइम से लगातार स्टडी करता रहा। कुछ लोग एक सफलता के बाद रुक जाते हैं, जबकि कुछ लोग अपने सपने पूरा करने के लिए मेहनत करते रहते हैं। मैंने खुद से कमिटमेंट किया था कि एक दिन सबसे बड़ी सफलता हासिल करनी है। इसीलिए पढ़ाई से भी जुड़ा रहा। सवाल: कुछ लोग एक ही असफलता में निगेटिव हो जाते हैं, वह अपने आप को कैसे पॉजिटव बनाएं? जवाब: पॉजिटिव होने के लिए जरुरी है कि आपके पास एक अच्छा सपोर्ट सिस्टम हो जो आपको मोरल सपोर्ट भी दे। मैं मानता हूं कि आपके माता–पिता और अच्छे दोस्त ही आपको पॉजिटिव रख सकते हैं। मुझे कभी जरा सा भी लगा कि मैं तनाव में हूं तो मैंने अपने माता–पिता से ही बात की। सवाल: आप जैसे छोटे से कस्बे से हैं ऐसे ही रूरल बैकग्राउंड के युवा और गांव में रहने वाले युवा कैसे तैयारी करें? जवाब: ये बातें अब बहुत पहले की रह गई हैं। इंटरनेट ने सारी सीमाएं तोड़ दी हैं। आप कहीं दूर भी छोटे से गांव में घर पर बैठकर नॉलेज एक्सेस कर सकते हैं। वह भी अच्छे सोर्सेज के साथ। मैंने खुद पर कभी इस बात को हावी नहीं होने दिया कि मैं छोटे कस्बे से हूं। बाकी युवाओं से भी मैं ये ही कहूंगा कि कभी संसाधनों की कमी को अपनी बाधा मत बनने दो। सवाल: माना जाता है कि यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी केवल पढ़ाई से घिरे रहते हैं, आप क्या मानते हैं। जवाब: मेरे साथ ऐसा बिल्कुल नहीं है। मैं एकदम खुशमिजाज रहता हूं। कभी कभार फिल्में भी देखी। दोस्तों के साथ घूमा। कभी ऐसा नहीं किया कि सब कुछ छोड़कर खुद को कमरे में कैद कर लिया और दिन रात बस पढ़ रहे हैं। पढ़ाई का ये तरीका सही भी नहीं है। हां, इतना जरुर होना चाहिए कि आपकी सोच पॉजिटिव रहे। सवाल: आपने कहा कि आप खुशमिजाज रहते हैं, इतनी बड़ी परीक्षा की तैयारी के बीच कैसे खुद को फिट रखा? जवाब: सबसे पहले यही टिप्स कि परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा अपने लाइफ में डिसिप्लिन मेंटेन करें। अपने सभी सब्जेक्ट के कॉन्सेप्ट क्लियर करें। सबसे ज्यादा जरूरी है कि पढ़ाई के लिए अपनी हेल्थ के साथ कोई समझौता न करें। 2023 में बन गए थे दिल्ली में एसडीएम अनुज को 2023 में पहले प्रयास में एसडीएम दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश सेवा आवंटित हुई थी। उन्हें दिल्ली में SDM के पद पर नियुक्ति मिली थी। उन्होंने दिसंबर 2024 में जॉइन किया था। दूसरे प्रयास में यूपीएससी मेंस परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हुआ। यह उनका तीसरा अटेम्प्ट है। अनुज रावतभाटा में ही अपने परिवार के साथ रह कर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनके परिवार में दादा केके अग्निहोत्री, दादी पुष्पा अग्निहोत्री, माता मंजु अग्निहोत्री, पिता केबी अग्निहोत्री के अलावा चाचा रोहित अग्निहोत्री और चाची संगीता अग्निहोत्री हैं। अनुज की एक छोटी बहन मानसी बीटेक कर रही हैं। अनुज का बड़ा भाई अंशुल हैदराबाद में और भाभी पलक उदयपुर प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं।
— राजस्थान के UPSC से संबंधित ये खबर भी पढ़ें- UPSC इंटरव्यू में जो साड़ी पहनी उसी पर पूछे सवाल:नाम के आगे क्या लगाना पसंद करोगे- IAS-IPS; छठी बार में पास, रोने लगा भाई UPSC ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। राजस्थान के रावतभाटा (चित्तौड़गढ़) के डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया टॉप किया है। पूरी खबर पढ़िए…


