अजमेर के वैशाली नगर क्षेत्र स्थित आतेड़ कच्ची बस्ती में पिछले तीन दिनों से सरकारी नलों से गंदा और बदबूदार पानी आने से क्षेत्रवासियों में रोष है। लोगों का कहना है कि जलदाय विभाग की ओर से सप्लाई किया जा रहा पानी काले रंग का है और उसमें तेज बदबू आ रही है, जिससे पीने तो दूर, घरेलू उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि लगातार तीन दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। पानी में इतनी बदबू है कि उसे पीना तो संभव ही नहीं है। महिलाओं का कहना है कि गंदा पानी पीने से क्षेत्र के कई लोग बीमार पड़ने लगे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द साफ पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग की है। लोगों ने यह भी कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वे अपने स्तर पर क्षेत्र के लोगों से अपील कर रहे हैं कि इस पानी का उपयोग पीने के लिए न करें। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत मौके पर जांच कर साफ पानी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। फिलहाल पीने के पानी की किल्लत से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं।


