राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट:जैसलमेर में पारा 38 डिग्री पर पहुंचा; जानिए कहां जारी की गई चेतावनी

राजस्थान में गर्मी तेज हो गई है। दिन का पारा सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज हो रहा है। शुक्रवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से पश्चिमी राजस्थान में तेज हीटवेव चलने की संभावना जताते हुए 9, 10 मार्च का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले एक सप्ताह में प्रदेश में मौसम साफ रहने और तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में दर्ज हुआ। पारा सामान्य से 9.4 डिग्री ऊपर राज्य के गंगानगर इलाके में शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ। जबकि जैसलमेर में तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री ऊपर, चूरू में 7.3, जयपुर में 6.7, बीकानेर में 6.9, जोधपुर, कोटा में 4.9, अजमेर में 5.6 और बाड़मेर में 5.1 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर में बने एंटी साइक्लोन सिस्टम जो लम्बे समय से एक्टिव है उसके कारण राजस्थान समेत गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में समय से पहले गर्मी की शुरूआत हुई। रात में तापमान कम, ठंडक से राहत दिन में तेज झुलसाने वाली गर्मी के बाद राज्य में देर शाम से लोगों को राहत मिल रही है। रात में तापमान में गिरावट होने से ठंडक बढ़ती है। शुक्रवार को कोटा, जयपुर, फलोदी को छोड़कर शेष सभी ​शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर में दर्ज हुआ। सिरोही, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अलवर, करौली और दौसा में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। बाड़मेर में हीटवेव का यलो अलर्ट मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने बाड़मेर जिले में 9 और 10 मार्च को हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जैसलमेर, बालोतरा समेत अन्य इलाकों में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *